शनिवार को बुला चौधुरी अपने भाई के घर एक पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हुगली गई थी। उसी दौरान वह पास ही स्थित अपने घर पहुंची। उन्होंने बताया कि घर का दरवाजा खोलते ही देखा कि सामने वाले कमरे की खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी और पूरा कमरा अस्त-व्यस्त पड़ा था।
हुगली। पद्मश्री से सम्मानित मशहूर तैराक बुला चौधुरी के हुगली जिले के हिंदमोटर स्थित देवाइपुकुर इलाके में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। इससे पहले पिछले साल 15 अगस्त को उनके घर में चोरी हुई थी, जिसमें उनके कई पदक चोरी हो गए थे। उस घटना के चार महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि शनिवार को दोबारा उनके घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है।
शनिवार को बुला चौधुरी अपने भाई के घर एक पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हुगली गई थी। उसी दौरान वह पास ही स्थित अपने घर पहुंची। उन्होंने बताया कि घर का दरवाजा खोलते ही देखा कि सामने वाले कमरे की खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी और पूरा कमरा अस्त-व्यस्त पड़ा था। हालांकि, इस बार क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी जानकारी फिलहाल वह नहीं दे पाई हैं।
बुला चौधुरी ने कहा कि पिछले अगस्त में चोरी के बाद हर रात पुलिस घर की निगरानी कर रही थी। इसके बावजूद चोरी कैसे हो गई, यह समझ में नहीं आ रहा। अभी यह बताने की स्थिति में नहीं हूं कि क्या-क्या चोरी हुआ है।
उन्होंने इस संबंध में उत्तरपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त 2025 को हिंदमोटर के देवाइपुकुर स्थित उनके घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई थी। उस समय चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे थे और कई पदक लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने जांच करते हुए 40 घंटे के भीतर एक आरोपित को गिरफ्तार किया था और 295 पदक बरामद किए थे। उस दौरान बुला चौधुरी के पद्मश्री स्मारक के चोरी होने का भी आरोप लगा था, जिसे बाद में दो और आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ बरामद कर लिया गया था। इसके बाद उनके घर के सामने पुलिस पहरा तैनात किया गया था।
ताजा घटना को लेकर बुला चौधुरी ने बताया कि इस बार अलमारी टूटी हुई मिली है और सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस को सूचना देने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस घर से मेरी बहुत सारी यादें जुड़ी हैं, इसलिए मैं इसे छोड़ना नहीं चाहती। समाज में शायद गरीबी बढ़ गई है, इसी वजह से ऐसी चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
इस मामले पर चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी अर्णब विश्वास ने कहा कि पहले ही बुला चौधुरी घर से कीमती सामान हटा चुके थे। रात में इस घर की निगरानी की जाती है। संभव है कि यह घटना शाम के समय हुई हो। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।